महराजगंज। मिठौरा चौकी जंगल पर तैनात वन दरोगा को अपहरण और बलात्कार के आरोप में बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। वन दरोगा पर मंगलवार को अपनी मां के साथ शौच गई एक नाबालिग को कमरे में खींच कर बलात्कार का आरोप लगा था। घटना के बाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी।
आरोप में कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने कहा था कि मंगलवार को सुबह चार बजे उसकी नाबालिग बेटी साथ में शौच के लिए जा रही थी कि मिठौरा जंगल चौकी पर तैनात वन दरोगा अमरनाथ सिंह ने उसे क्वार्टर में खींच ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। जब उसने शोर मचाना शुरू किया तो वन दरोगा अमरनाथ ने उसे लाठी से पीटकर घायल कर दिया और लड़की को कहीं पर छुपा दिया। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्जकर जांच शुरू की। इसी बीच लड़की वापस आ गई।
कोतवाल टीपी श्रीवास्तव ने मामले की सरसरी तौर पर जांच की तो पता चला कि आरोपी अमरनाथ बांकी रेंज, पनियरा के मिठौरा जंगल वन चौकी पर तैनात था। उसका स्थानांतरण गोरखपुर हो गया है। वह घटना की रात घटनास्थल पर मौजूद था। फिलहाल अमरनाथ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। आरोपी गोला थाना के बारानगर निवासी है।