गांगी बाजार/पनियरा बाजार। बुधवार की रात गोरखपुर वन प्रभाग के बांकी रेंज के धवई बीट में दो स्थानों पर कटान की सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों पर लकड़ी तस्कराों ने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग से एक व्यक्ति को गोली लग गई। उसे गोरखपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।
दोनों ही स्थानों से 18 बोटा लकड़ी बरामद की गई। दो व्यक्ति गिरफ्तार किए गए जबकि छह फरार हो गए। क्षेत्रीय वनाधिकारी बांकी अमरनाथ सिंह ने वनकर्मियों की ओर से फायरिंग से इंकार किया है।
बांकी रेंज के वनाधिकारी अमरनाथ सिंह ने बताया कि बुधवार की रात मुखबिर से सूचना मिली कि बांकी दक्षिणी कंपार्टमेंट में अवैध कटान हो रहा है। वनकर्मियों को जंगल में भेजा गया। वनकर्मियों घेराबंदी शुरू की तो लकड़ी काटने वाले फायरिंग करने लगे। पनियरा निवासी नंदलाल उर्फ ललकी को गोली लग गई।
उसको गोरखपुर मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। इस मामले में वन विभाग ने छह लोगों केे विरुद्ध वन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। पनियरा निवासी चंद्र प्रकाश पाल को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि रमेश यादव निवासी रजौड़ा खुर्द, विक्की निषाद निवासी पनियरा, जयकिशुन रजौड़ा खुर्द तेलिया टोला, विनोद निवासी रजौड़ा खुर्द बदरी टोला फरार हो गए। वनकर्मियों ने घटना स्थल से सात बोटा साखू बरामद किया है।
इसी प्रकार दक्षिण बांकी कंपार्टमेंट नंबर एक में 11 बोटा साखू बरामद किया गया। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम बड़हरा बरईपार निवासी अली हुुसेन उर्फ मीनक को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि सोनू और इंग्लेस निवासी बड़हरा बरईपार फरार हो गए। वन विभाग फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रहा है।