महराजगंज के सिसवा बाजार चैनपुर में सोमवार की रात अज्ञात कारणों से भड़की भीषण आग में 14 झोपड़ियां जलकर राख हो गई। इसमें एक लाख रुपये नकद सहित पांच लाख रुपये के सामान फुंकने का अनुमान जताया जा रहा है।
कोठीभार थाना क्षेत्र के चैनपुर में सोमवार की रात आठ बजे हारून की झोपड़ी से उठी आग की लपटों ने बगल के नूरजहां की झोपड़ी को अपने आगोश में ले लिया।
अभी लोग कुछ समझ पाते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और अगल-बगल की मंसूर, मरियम, रफीक, मेहरूननिशा, शकीना, अजमत, तजामुद्दीन, महिबुननिशा, सैफुननिशा, जलेखा, जैरोना व तबारक की झोपड़ियां भी जलने लगीं।
इससे सबके कपड़े, बर्तन, बिस्तर, अनाज, चारपाई, सिलाई मशीन, पंपिंग सेट व अन्य घरेलू वस्तुएं स्वाहा हो गईं। आग की लपटों को देख सारे ग्रामवासी एकत्र हो गए और आग बुझाने में जुट गए।
सूचना पाकर डेढ़ घटे ंबाद पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम व गांव के लोगों के प्रयास से आग को लगभग तीन घंटे बाद बुझाई जा सकी। इस आग में मंसूर का 90 हजार व सिराजुद्दीन का 20 हजार रुपये सहित लगभग पांच लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।