कोहड़वल गांव में दहेज हत्या में पकड़ा गया युवक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूूराो
महराजगंज/निचलौल। कोहड़वल गांव के टोला सिसवा डीह में नई-नवेली दुल्हन की हत्या के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। जितने मुंह उतनी बातें कही जा रही हैं। सबसे प्रमुख बात यह कि उमा की पढ़ाई को लेकर विनोद खुश नहीं था। सरस्वती देवी महाविद्यालय में उमा एमए प्रथम वर्ष राजनीति शास्त्र की परीक्षा दे रही थी। वह ससुराल से परीक्षा देने जाती थी। उमा पढ़-लिखकर शिक्षक बनना चाहती थी। उसने 2012 में शादी होने के बाद भी पढ़ाई जारी रखी। उमा को क्या पता था कि पढ़ाई के प्रति उसका लगाव ही उसकी मौत का कारण बन जाएगा।
ससुराल में पढ़ाई को लेकर पति से हमेशा तू-तू मैं-मैं होती थी। हाई स्कूल तक पढ़ा विनोद कहता था कि चौका-बर्तन करना है तो ज्यादा पढ़ने की क्या जरूरत? वह नहीं चाहता था कि उसकी पत्नी ज्यादा पढ़े। लोगाें का कहना है कि उमा के पास आने वाले फोन को लेकर विनोद चिढ़ता था।
वह हर कॉल के बारे में पूछता रहता था। विनोद का आरोप था कि वह घर में घूंघट भी नहीं करती थी। कोई बात कहता था तो सुनती नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर नोकझोंक होती थी। जबकि कोहड़वल गांव के टोला सिसवा डीह में कुछ लोग दबी जुबां कह रहे हैं कि लड़के में हर प्रकार की बुराइयां हैं। गांव की एक महिला से उसके संबंध की भी चर्चा है। शनिवार को विनोद ने कोल्ड ड्रिंक में जहर मिला कर दे दिया। कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद जब उमा तड़पने लगी तो विनोद ने गला दबा कर उसकी हत्या कर दी।