बंगलुरु कमाने गए युवक की मौत की खबर पर रोते बिलखते परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
घुघली। बंगलुरु में शटरिंग का काम करने गए युवक की छत से गिर कर मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। युवक का शव लेने घर के कुछ लोग बंगलुरु रवाना हो गए हैं।
घुघली थाना क्षेत्र के भुवनी गांव के चुवनी निवासी 22 वर्षीय अमित यादव पुत्र हरेंद्र यादव बंगलुरु में शटरिंग का कार्य करता था। परिजनों के कहना है कि 9 अक्टूबर को अमित अपनी मां और पत्नी से यह कह कर कमाने गया कि होली में घर आएगा तो अन्य जरूरतों की व्यवस्था करेगा। वह 2 मार्च के लिए अपना टिकट भी करा लिया था।
लेकिन घर वालों और अमित के अरमानों पर उस समय पानी फिर गया जब साथ में काम कर रहे गांव के कुछ लड़कों ने मंगलवार को दोपहर 12 बजे हरेंद्र के मोबाइल पर फोन कर बताया कि शटरिंग का कार्य करते समय अमित की मौत हो गई है। मोबाइल पर मौत की खबर सुनते ही परिवार के लोग सन्न रह गए। पिता मोबाइल लिए बेजान मूर्ति की तरह गिर पड़े मां सुनीता बेहोश हो गई। पत्नी किरन को विश्वास ही नहीं हो रहा था कि उनका सुहाग उजड़ चुका है। बदहवास होकर रास्ते को देख रही हैं कि अभी उनका पति घर आएगा। आने जाने वालों से आने का समय पूछ रही हैं।
शोक जतायाः रतनपुर। ब्लाॅक प्रमुख प्रतिनिधि रमाकांत यादव की मां कैलाशी देवी के निधन पर शोक सभा में प्रमुख सावित्री देवी, गणेश चंद्र त्रिपाठी, संजय पांडेय, राजेश गुप्ता, यदुनंदन यादव, राजेश श्रीवास्तव, जगरनाथ प्रसाद, संजय यादव, विक्रम यादव आदि रहे।