पनियरा क्षेत्र के सतगुर में सैनिक की मौत पर रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
गांगी बाजार। मणिपुर में ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से पनियरा क्षेत्र निवासी असम राइफल्स के जवान की मौत हो गयी। जवान के मौत का समाचार सुनते ही परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट गया। जवान का शव बुधवार को घर पहुंचा तो परिवार वालों की चीत्कार से पूरा माहौल ही गमगीन हो गया।
पनियरा थाना क्षेत्र के सतगुर के टोला सलामतपुर निवासी असम राइफल्स के जवान सुबास गुप्ता (48) का शव देर शाम 6 बजे गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही गांव के लोग रो पड़े। मृतक जवान मणिपुर में तैनात था जहां उसे दिल का दौरा पड़ गया था। जवान को इलाज के लिए हवाई जहाज से आनन-फानन में कोलकाता लाया गया जहां उनकी 14 फरवरी की सुबह लगभग 5 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक मृतक जवान सुवाष गुप्ता का परिवार उनके साथ ही रहता था। सुबास गुप्ता अपने पीछे तीन पुत्र शरद (23), सुजीत (21) व अजीत (19) और पत्नी सुनीता को छोड़ गए। सुबास गुप्ता के तीनों पुत्र अभी शिक्षा ग्रहण करते हैं। जबकि मृतक जवान अपने पांच भाइयों में सबसे छोटा था। जवान की लाश घर पहुंचते ही परिजनों के साथ-साथ गांव के लोग भी रो रहे थे।
वह अपने सरल स्वभाव के कारण लोगों के काफी नजदीक रहते थे। उनके मौत के बाद परिवार के ऊपर दु:खों का पहाड़ टूट गया। देर रात तक जवान की लाश का अंतिम संस्कार करने के लिए रोहिन नदी के भौराबारी तट पर राजकीय सम्मान के साथ करने के लिये ले जा रहे थे।