महराजगंज। शासनादेश के नाम पर जिले में तैनात आरक्षियों को नियम विरुद्ध तरीके से ड्राइवर बनाने की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई है। आरक्षियों ने शिकायती पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। आरक्षियों ने पुलिस महानिदेशक, आईजी और डीआईजी सहित मानवाधिकार आयोग लखनऊ को भी पत्र भेज कर मामले से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
आरक्षियों का कहना है कि शासन के निर्देश में स्पष्ट लिखा है कि आरक्षी स्वेच्छा से डायल-100 योजना में शामिल हो सकते हैं। परंतु जबरन ड्राइवर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। आरक्षियों को बेवजह प्रताड़ित किया जा रहा है। आरक्षी अनुशासित विभाग से जुड़े होने के कारण मजबूरन यह प्रताड़ना सहने को विवश हैं। आरक्षियों ने मुख्यमंत्री से उचित कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं में इदरिश अंसारी, छोटेलाल यादव, रामनारायण, रवींद्र, सुरेंद्र कुमार यादव, हरेंद्र सिंह, कृष्णमुरारी यादव, दिलीप कुमार गुप्ता, अवधेश यादव, सोमनाथ शर्मा, पूर्णमासी प्रसाद, प्रदीप कुमार सिंह आदि शामिल हैं।