मानपुर चेकपोस्ट पर रेत से भरे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते एआरटीओ
पुरंदरपुर। नौतनवां विधायक अमन मणि त्रिपाठी ने बीती रात हाईवे के बाईपास आैर ओवरब्रिज निर्माण के लिए मिट्टी गिरा रहे तीन डंपर को अवैध खनन बताते हुए पुरंदरपुर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने तीनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
गोरखपुर सोनौली हाईवे पर स्थित मोहनापुर बोकवा में पीएनसी कंपनी बाईपास व ओवरब्रिज का निर्माण करा रही है। पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के गांव हरैया रघुबीर से खुदाई कराकर कंपनी के डंपर से मिट्टी गिरवाई जा रही है।
बुधवार देर रात विधायक अमन मणि त्रिपाठी क्षेत्रीय भ्रमण कर मोहनापुर आ रहे थे कि इस बीच तीन डंपर मिट्टी गिराने मोहनापुर जाते दिखे। विधायक ने तीनों गाड़ियों को रोक कर एसडीएम नौतनवां व डीएम से अवैध मिट्टी खनन की सूचना दी। पुरंदरपुर एसओ अनिल कुमार मौके पर पहुंचकर गाड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया।
विधायक अमन मणि त्रिपाठी का कहना है कि अभी शासन ने खनन के मामले में कोई नीति निर्धारित नहीं किया है। पीएनसी कंपनी ने रायल्टी भी नहीं जमा की है। इस संबंध में पीएनसी के प्रशासनिक अधिकारी पुनीत कुमार दुबे ने बताया कि रायल्टी जमा है। उसका पेपर उपजिलाधिकारी नौतनवां के यहां भेजा गया है। किसी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है।
मिट्टी लदी पांच ट्रैक्टर ट्राली सीज की गई
ठूठीबारी। प्रशासन के आदेश पर अवैध मिट्टी खनन करने वाले लोगों पर पुलिस शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इस दौरान कोतवाली पुलिस ने पांच ट्रैक्टर ट्राली सीज कर दी। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के मैरी गांव के सीवान में गुरुवार की दोपहर कुछ लोग अवैध मिट्टी खनन कर ट्राली पर लाद रहे थे। यह देख किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मिट्टी लदी पांच ट्रैक्टर-ट्राली को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई। कोतवाल विक्रम वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मैरी गांव के सीवान में कुछ लोग मिट्टी का अवैध खनन कर रहे थे। मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया।