उचक्कों ने गैस डिलेवरी वैन से रुपयों से भरा बैग उड़ाया
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा (महराजगंज)। कस्बे के पुलिस बूथ से महज दस कदम की दूरी पर स्थित एक मिठाई की दुकान के सामने खड़ी गैस डिलेवरी वैन के सेल्समैन से उचक्कों ने रुपयों से भरा बैग उड़ा दिया। बैग में करीब 28 हजार रुपये होने की बात कही जा रही है। दिनदहाड़े भरे बाजार हुई यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस सीसीटीवी के सहारे पर दो संदिग्धों को पकड़ कर पूछताछ कर रही है।
आनंदनगर कस्बे के आंबेडकर तिराहे के पास एक मिठाई की दुकान के सामने शुक्रवार की सुबह लगभग 11 बजे इंडेन गैस सर्विस की डिलेवरी वैन पंचर हो गयी। सेल्समैन रामू अपने एक सहयोगी के साथ वैन के पिछले पहिए को बदलने में व्यस्त हो गया। इसी दौरान मौका देखकर उचक्कों ने गाड़ी में रखा रुपयों से भरा बैग उड़ा दिया। सेल्समैन के अनुसार बैग में गैस ब्रिकी के लगभग 28 हजार रुपये थे। जानकारी होने पर सेल्समैन ने शोर मचाया तो बगल के बूथ से पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना पर थानाध्यक्ष व चौकी इंचार्ज पहुंच गए। सेल्समैन से घटना की जानकारी लेने के बाद सामने एक आभूषण की दुकान व मिल गेट के एक कपड़े की दुकान में लगे सीसीटीवी की सहायता से संदिग्धों की पुलिस पहचान करने लगी। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस दो संदिग्ध लोगों को पकड़कर पूछताछ कर रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर नहीं मिली है। घटना की जांच की जा रही है।