जनता के साथ अच्छा व्यवहार करें पुलिस कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। पुलिस महानिरीक्षक गोरखपुर रेंज जय नारायण सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइंस सभागार में पुलिस अधिकारियों के साथ त्योहार की तैयारियों, अपराध नियंत्रण व कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। पुलिस लाइंस का निरीक्षण भी किया।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पुलिस कर्मी जनता के साथ अच्छा व्यवहार करें। उन्होंने पहले पुलिस लाइंस में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु आरक्षियों के बैरक, भोजनालय, क्लास रूम आदि का निरीक्षण कर उनके प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी ली।
सभागार कक्ष में बैठक के दौरान आगामी त्योहारों के संबंध में प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि सभी अपने-अपने थाना क्षे़त्रों के दुर्गा प्रतिमा स्थल, विसर्जन स्थल, जुलूस के मार्ग आदि के बारे में बेहतर ढंग से जानकारी रखें। भ्रमण के दौरान यह देख लें कि कोई विवाद तो नहीं है। आयोजकों व वरिष्ठ व्यक्तियों के साथ बैठक करें। यदि कोई विवाद जानकारी में आता है, तो उसका त्वरित निराकरण करा लें। असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उन्हें नोटिस जारी कर कार्रवाई करें। छोटी सी छोटी घटना को त्वरित संज्ञान में लेकर तत्काल कार्रवाई करें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को पुलिस कर्मियों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देकर उसका निराकरण कराने का निर्देश दिया। अपराध की रोकथाम व अपराधियों के खिलाफ कडी़ कार्रवाई करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। सम्मेलन मे प्रशिक्षु आरक्षियों की समस्याओं के समाधान के लिये संबंधित को निर्देशित किया गया। उक्त बैठक में पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह , अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष शुक्ला, सीओ सदर देवेंद्र कुमार, रणविजय सिह आदि मौजूद रहे।