नौतनवां। नगर के हमीदनगर निवासी एक युवक ने शनिवार की देर रात परिवार वालों की डांट से नाराज होकर जहर खा लिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। खबर के मुताबिक, प्रदीप वर्मा (18) शनिवार की रात दस बजे परिवार वालों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
घर वालों की डांट से नाराज होकर कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। घर वाले उसे अचेत अवस्था में नगर के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। वहां पर प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख मेडिकल काॅलेज भेज दिया। मेडिकल काॅलेज जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। चौकी प्रभारी राजेश यादव का बताना था कि रविवार को परिवार वालों ने युवक का अंतिम संस्कार कर दिया।
नेवासपोखर के युवक की मेडिकल कॉलेज में मौत
गांगी बाजार। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम नेवासपोखर के टोला रामनगर के रहने वाले युवक की गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बीती रात मौत हो गई। नेवासपोखर के रामनगर टोले से फरेंदा थाना क्षेत्र के ग्राम निरनाम में 28 अप्रैल को बारात गई थी। उसमें रामनगर टोले के पन्ने लाल पुत्र दुक्खी भी गए थे। पन्ने लाल बारात से लगभग दो सौ मीटर दूर खेत में अचेत पड़े थे। 29 अप्रैल की भोर में लोगों ने देखा तो शोर मचाया। लोगों ने उसकी पहचान पन्ने लाल के रूप में की। लोग उसे तुरंत बनकटी अस्पताल ले गए। हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां भी इलाज के बाद उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। बीती रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।