सीढ़ी तुड़वाने पर अड़े ताजियादार
सीढ़ी नहीं तोड़े जाने पर ताजिया नहीं उठाने की दी चेतावनी
ताजियादारों को मनाने में प्रशासन को छूट रहा पसीना
अमर उजाला ब्यूरो
परतावल। श्यामदेउरवां थानाक्षेत्र के अति संवेदनशील ग्रामसभा बड़हरा बरईपार में ताजिया न उठाए जाने की चेतावनी से तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। ताजियादारों ने मस्जिद के पास बनी सीढ़ी न टूटने पर ताजिया न उठाने की चेतावनी दी है। उधर, प्रशासन करीब एक सप्ताह से ताजियादारों को मनाने का प्रयास कर रहा है लेकिन ताजियादार अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
प्रशासन के अधिकारी विवाद स्थल का दौरा कर वस्तुस्थिति का जायजा ले चुके हैं। इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। विवाद की स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में श्यामदेउरवां, घुघली, पनियरा थाने की पुलिस के अलावा पीएसी, फायर ब्रिगेड के जवानों की तैनाती की गई है। जिले के अधिकारी भी नजर रखे हुए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष शुक्ला, क्षेत्राधिकारी सदर देवेन्द्र कुमार, इंस्पेक्टर रामपाल यादव, अग्निशमन अधिकारी ओमप्रकाश, घुघली थानाध्यक्ष राजप्रकाश यादव, चौकी प्रभारी परतावल लवकुश यादव, एसआई स्वतंत्र सिंह, मुकुन्दर सिंह बघेल, रामचरन, रामशरण त्रिपाठी, ओपी चौहान आदि अधिकारी बड़हरा में डेरा डाले हुए हैं। अपर जिलाधिकारी इन्द्रभूषण वर्मा ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मी तैनात हैं। समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए दोनो पक्षों से बात की जा रही है।