पुंरदरपुर। स्थानीय थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराने के लिए मृतक का बेटा चक्कर लगा रहा है लेकिन उसकी समस्या का समाधान करने वाला कोई नहीं है। थाना समाधान दिवस में भी शिकायत की लेकिन बात नहीं बनी।
गांव लक्ष्मीपुर एकमा में बीते 7 जून को घरभरन की लड़की की शादी थी। द्वारपूजा के दौरान पटाखा फोड़ने को लेकर घरभरन और दूसरे पक्ष के बीच मारपीट तब हो गई जब पटाखे से मच्छरदानी जलने लगी। मारपीट में भोनू (65) की मौत हो गई। 8 जून को पुरंदरपुर पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया था। भोनू के पुत्र राधेश्याम ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। एसओ पुरंदरपुर विनोद कुमार राव का कहना है कि पीड़ित को बुलाया गया था। इस मामले में जल्दी ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।