पानी में उतराया मिला वृद्ध का शव
अमर उजाला ब्यूरो
ठूठीबारी। तरहवां जंगल की तरफ बीते बृहस्पतिवार को सुबह शौच के लिए गया वृद्ध नाले में डूब गया था। उसका शव शुक्रवार की सुबह पानी में उतराता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरी बाजार निवासी गोरखनाथ वर्मा (90) कुछ दिन पहले ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के बकुलडिहा लाला टोला गांव में रह रहे अपने पुत्र ओम प्रकाश वर्मा के पास आए थे। बृहस्पतिवार की सुबह वह गांव के पूरब तरहवां जंगल से सटे बोदना जाने वाले मार्ग पर स्थित नाले पर बने पुल के पास शौच के लिए गए थे। पैर फिसल जाने के कारण वह गहरे पानी में डूब गए। किसी ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस समेत यूपी 100 पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मछुआरों व गोताखोरों के माध्यम से पानी में डूबे वृद्ध की काफी देर तक खोजबीन कराई लेकिन देर शाम तक बुजुर्ग का पता नहीं चल सका था। इस बीच शुक्रवार को सुबह बुजुर्ग का शव पानी में उतराते हुए दिखा। कोतवाल बृजनंदन सिंह ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे गोरखनाथ वर्मा (90) का शव पानी में उतराता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।