सोनौली(ब्यूरो)। पुलिस ने ड्रग का धंधा करने वाले गैंग के चार लोगों को गिरफ्तार कर डेढ़ किलो हेरोइन बरामद की है। पकड़े गए धंधेबाज इसे नेपाल के युवाओं को बेचते थे। बुधवार दोपहर सोनौली चौकी प्रभारी राज प्रकाश सिंह को सूचना मिली कि कुछ लोग हेरोइन लेकर आने वाले हैं। इस सूचना पर पुलिस कोतवाली क्षेत्र के कैलाश नगर में डेरा जमा लिया।
करीब एक बजे एक कार मेन रोड से सरहद के कैलाश नगर गांव की तरफ मुड़ी। उसे गांव के प्राथमिक स्कूल के पास पुलिस ने रोकने का इशारा किया। लेकिन चालक पुलिस टीम देख गाड़ी भगाने लगा। पुलिस ने पीछा कर फरेनिया गांव के पास पकड़ लिया और वाहन की जांच की तो एक बैग से एक किलो पांच सौ दस ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर कोतवाली लायी। कोतवाल तेज प्रताप श्रीवास्तव ने बताया कि एक कार से 1.510 किलोग्राम हेरोइन के साथ संगीता देवी उफ़ॱर काली, महेश लोध निवासी कैलाश नगर, मोहम्मद सईद निवासी फरेंदा तिवारी और चालक समरेंद्र त्रिपाठी निवासी फरेनिया को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास 37670 भारतीय और 59340 नेपाली रुपये भी बरामद किए गए हैं। वाहन को सीज कर आरोपियाें को जेल भेजा जा रहा है।