फरेंदा/गांगी बाजार (महराजगंज)। सीआईबी गोरखपुर व आरपीएफ आनंदनगर की टीम ने सोमवार को दिन में पनियरा बाजार में एक टूर एंड ट्रेवेल्स की दुकान पर छापे की कार्रवाई कर जांच की। इस दौरान 46 अदद ई टिकट व नगद बरामद होने पर संचालक व एक अन्य के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अवैध ई टिकटों की बिक्री की सूचना पर सीआईबी गोरखपुर के प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक शिवशंकर यादव, आरपीएफ आनंदनगर के चौकी प्रभारी सीपी यादव के नेतृत्व में पनियरा बाजार स्थित एक टूर एंड ट्रेवेल्स की दुकान पर सोमवार को छापे की कार्रवाई कर जांच की। जांच के दौरान 46 अदद रेलवे के ई टिकट (तत्काल) व सामान्य श्रेणी के बरामद हुए। इन टिकटों के किराए की कीमत 91 हजार एक सौ चालीस रुपये के अलावा 11 हजार 400 रुपये नगद बरामद हुए। दुकान संचालक मनीष कुमार गुप्ता निवासी बड़वार थाना पनियरा एवं सहायक जिसकी आईडी के माध्यम से टिकट बनाए गए थे। सीआईबी ने दुकान संचालक व जुल्फीकार अंसारी निवासी अकटहिया पनियरा को गिरफ्तार कर रेलवे सुरक्षा बल नकहा को सुपुर्द कर दिया। दोनों के खिलाफ केेस दर्ज कर जांच की जा रही है। इस संबंध में उपनिरीक्षक सीपी यादव ने बताया कि अवैध रूप से ई टिकट बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके पहले बृजमनगंज कस्बे में सहज जनसेवा केंद्र व लक्ष्मीपुर व फरेंदा कस्बे में भी ई टिकट के धंधेबाजों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।