महराजगंज। सोहगीबरवा पुलिस ने बेटी को जान से मारने का प्रयास करने वाले पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़ा गया अभियुक्त शम्भूनाथ प्रसाद बिहार गोपालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम विजयीपुर का निवासी बताया गया।
सोहगीबरवां के प्रभारी निरीक्षक अमरजीत यादव ने बताया कि ग्राम मटिअरवा भोतहा के प्रधान प्रतिनिधि रामभरोसे ने बीते 14 जुलाई रात में दी कि ग्राम मटियरवा भोतहा मार्ग पर एक युवती जिसका गला रेता गया है जो घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़ी है। कुछ बोल नहीं पा रही है। इस सूचना पर तत्काल अपने सहयोगी पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच कर घायल युवती को उपचार के लिए चिकित्सालय महराजगंज भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान युवती ने अपना नाम व पता लिखकर बताया तथा यह भी बताया कि उसेे रिश्तेदारी में घुमाने के बहाने उसके पिता शम्भूनाथ प्रसाद ने चाकू से गला रेत दिया है तथा मरा हुआ समझ कर छोड़ कर भाग गए। उसने यह भी बताया कि एक लड़के से वह बात करती थी इसी से नाराज होकर पिता ने ऐसा कृत्य किया है। इस संबंध में प्रधान प्रतिनिधि की तहरीर पर प्राणघातक हमला करने की धारा में केस दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मुखबिर की सूचना पर रविवार को अभियुक्त शंभूनाथ को ग्राम भोतहा टोला पिपरासी से गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास की धारा के तहत जेल भेज दिया गया।