सिसवा बाजार में रोडवेज बस स्टैंड स्थित एटीएम के पास बाइक की डिकी तोड़कर उचक्के 3.92 लाख रुपये लेकर चंपत हो गए। घटना मंगलवार दोपहर में हुई। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। एएसपी हरिगोविंद मिश्रा व सीओ रचना मिश्रा ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज का जायजा लिया।
कोठीभार थाना क्षेत्र के सिसवा खुर्द निवासी केला व्यवसायी मोहम्मद सईद दोपहर में स्टेट बैंक से तीन लाख रुपये निकाले और घर से लाए 92 हजार रुपये के साथ बैग में रखकर डिकी में बंद कर दिया। 25 हजार रुपये निकालने के लिए एसबीआई एटीएम पहुंचे। बाइक को एटीएम के बाहर खड़ी कर रुपये निकालने लगे तभी उचक्कों ने वारदात को अंजाम दिया।
एटीएम केबिन से निकलकर बाइक के पास पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। डिकी का लॉक टूटा था और रुपयों से भरा बैग गायब था। सईद ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने नाकेबंदी कर सघन जांच शुरू कर दी। कोई सफलता हाथ नहीं लगी। इस संदर्भ में एसओ कोठीभार राजेश कुमार वर्मा कहा कि घटना की तहरीर मिल गई है जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।