मकर संक्रांति का मेला देख टेम्पो से घर जा रहे लोगों को पीछे से बोलेरो ने चपेट में ले लिया। एम्बुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया गया।
- फोटो : अमर उजाला
चौक बाजार। चैनपुर गांव के पास बोलेरो की टक्कर सवारियों से भरा टेंपो पलट गया। हादसे में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। ये लोग चौक बाजार के गुरु गोरक्षनाथ मंदिर में खिचड़ी चढ़ाकर घर जा रहे थे। घटना के बाद बोलेरो लेकर चालक फरार हो गया।
लोगों ने बताया कि सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के बेलवा काजी निवासी तेतरा (55), केतकी (50), सुराती (40), संगीता (40), फेकूलाल (60), प्रियंका (15), फूलमती (46), राजकुमार (45) टेंपो में सवार होकर चौक बाजार गुद्भह्न गोरक्षनाथ मंदिर खिचड़ी चढ़ाने आए थे। मेला देख घर बेलवा काजी जा रहे थे।
बरगदही बसंतनाथ गांव से आगे चैनपुर गांव के करीब तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने पीछे से चपेट में ले लिया। टेंपो बगल के गड्ढे में जा गिरा। 108 नंबर एंबुलेंस के जिला प्रभारी जितेंद्र पाल ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। घायल में दो हालत ज्यादा गंभीर दिख रही थी। थानाध्यक्ष चौक मनीष सिंह ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।