ठूठीबारी के गड़ौरा में कोटेदार की ओर से कोटे के राशन को कालाबाजारी करने के लिए भेजते समय ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।
ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा गड़ौरा में सोमवार की दोपहर कोटेदार रामबचन मोहम्मदपुर गांव निवासी खदेरू चौधरी और अमर सिंह की साइकिल पर दो-दो सरकारी बोरे में गेहूं लाद कर जमुई स्थित कांटे पर बेचने के लिए भेजा जा रहा था। दोनों युवक अभी मेन रोड पर स्थित इंन्द्रजीत गुप्ता के दरवाजे तक पहुंचे ही थे कि चाय पीने जा रहे गांव के नरेश प्रसाद, सोनू मद्धेशिया, लक्खी गुप्ता, व्यास यादव, विनोद मद्धेशिया की नजर साइकिल पर लदे सरकारी बोरे में रखे गेहूं पर पड़ी। इसके बाद वे कालाबाजारी का शक होने पर दोनों युवकों को रोक कर पूछताछ करने लगे। इसमें पकड़े गए दोनों लोगों ने बताया कि कोटेदार रामवचन जमुईकला स्थित कांटे पर ले जाने के लिए भेजे हैं। देखते ही देखते लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इसकी सूचना किसी ने कोतवाली पुलिस और निचलौल एसडीएम को दी।
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस साइकिल पर लदे चार बोरी गेहूं और दोनों युवक को थाने ले गई। वहीं, गांववाले कोटेदार पर कार्रवाई करने की मांग करने लगे। इस संबंध में निचलौल एसडीएम जितेन्द्र कुशवाहा का कहना है कि मौके पर क्षेत्रीय खाद्यपूर्ति अधिकारी को भेजा गया है। खाद्यपूर्ति अधिकारी विजय कुमार सहाय ने बताया कि पकड़े गए युवकों से बयान लेकर गेहूं के नमूने लिया गया है। कोटेदार का स्टॉक जांच की जाएगी। कमी मिलने पर कोटेदार पर कार्रवाई की जाएगी।