डांस के दौरान बारात में उत्पात
दुल्हन के चाचा पर किया जानलेवा हमला, पुलिस की गाड़ी का शीश तोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
ठूठीबारी। शादी समारोह में द्वारपूजा के दौरान नशे में धुत एक युवक बरातियों के साथ मारपीट करने लगा। बीच-बचाव करने गए दुल्हन के चाचा पर भी हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के राजाबारी गांव निवासी संतोष तिवारी की भतीजी की शादी बुधवार को थी। बारात जैसे ही द्वारपूजा के लिए आगे बढ़ी संस्कृत विद्यालय के पास एक युवक आर्केस्ट्रा में डांस कर रहे बारातियों के साथ अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर उत्पात मचाने लगा। समझाने-बुझाने पर बारातियों के साथ उलझ गया और परिजनों के साथ मिलकर बारातियों पर हमला कर दिया। इससे दुल्हन के चाचा संतोष तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। यह देख बरातियों में भगदड़ मच गई। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो मौके पर पहुंची पुलिस से भी नोकझोंक हो गई। पुलिस की गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया। इसके बाद कोतवाली से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। मामले को शांत कराने के बाद शादी समारोह सम्पन्न हुआ। ठूठीबारी कोतवाल छोटेलाल ने बताया कि घटना में शामिल सूरज, राहुल, संजीत के खिलाफ मारपीट, उपद्रव मचाना, जानलेवा हमला समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत सूरज और राहुल को जेल भेज दिया गया। संजीत पुलिस की पकड़ से दूर है। जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।