घटनास्थल पर जांच करते एएसपी आशुतोष शुक्ला।
- फोटो : अमर उजाला
नौतनवां। सोनौली कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव जगन्नाथपुर में रविवार देर रात कुछ लोगों ने एक युवक को डंडे से पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना के बारे में जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। लोगों के मुताबिक सोनौली कोतवाली क्षेत्र के जगन्नाथपुर के श्रीनिवास यादव मजदूरी करते थे। रविवार शाम को वह नौतनवां से मजदूरी कर घर पहुंचे। इसके बाद घर से साइकिल लेकर कहीं निकले थे। अभी वह नौतनवां ठूठीबारी मार्ग से महज 50 मीटर की दूरी पर पहुंचे थे कि अज्ञात हमलावरों ने डंडे से सिर पर प्रहार कर दिया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची सोनौली कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक श्रीनिवास यादव मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी शादी नहीं हुई थी। पिता की तहरीर पर पुलिस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच करने में जुटी है। अपर पुलिस अधीक्षक आशुतोष कुमार शुक्ला सोमवार को दोपहर बाद घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की। प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच की जा रही है।