सिसवा बाजार। कोठीभार थानाक्षेत्र के ग्रामसभा बीजापार स्थित साधन सहकारी समिति के पास कोइरी टोला निवासी एक रिटायर्ड स्वास्थ्यकर्मी के घर में सोमवार की रात ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने हजारों रुपये के जेवर व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मकान मालकिन तबीयत खराब होने के कारण अपने बेटी के घर गोरखपुर इलाज कराने गई थीं। मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस को दिए तहरीर में बीजापार के कोइरी टोला निवासी स्वास्थ्य विभाग की रिटायर्ड भर्मा देवी का पूरा परिवार दिल्ली में रहता है। वह अपने घर में अकेले रहती थीं। बदलते हुए मौसम में पिछले कुछ एक सप्ताह से उनकी तबीयत खराब चल रही थी जिसका इलाज कराने के लिए कर्मा देवी विगत 15 जुलाई शनिवार को अपने बेटी के घर गोरखपुर गई थीं। इसी बीच मौक़ा देख अज्ञात चोरों ने मकान में घुसकर हजारों रूपये के नकदी व जेवर पर हाथ साफ़ कर दिया। मंगलवार को घर पहुंचकर जब कर्मा देवी ने अपने घर का ताला खोला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। चोरों ने घर के पीछे वाले कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसकर आलमारी में रखा 6 हजार नगद सहित दो सोने की अंगूठी, एक सोने का चैन, एक जोड़ी पायल चुरा ले गए थे। मामले में चौकी प्रभारी राजप्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है, छानबीन चल रही है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।