छेड़छाड़ कर रहे युवक को महिला ने पीटा
डायल-100 पुलिस को बुलाकर भेजा थाने
अमर उजाला ब्यूरो
निचलौल। थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार सुबह करीब सात बजे एक युवक ने गांव की एक महिला से अपशब्द का प्रयोग करते हुए छेड़छाड़ करने लगा। महिला ने दिलेरी दिखाते हुए युवक की चप्पलों से पिटाई कर दी। डायल-100 पुलिस को बुलाकर युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।
महिला ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दिए शिकायती पत्र में महिला ने कहा है कि पति विदेश रहते हैं। बीते दिनों से युवक अकेला देखकर अपशब्दों का प्रयोग कर रहा था। लोक-लज्जा से बचने के लिए उसकी बात को अनसुना कर रही थी, लेकिन सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे युवक घर में घुसकर छेड़छाड़ करने लगा। शोर मचाने पर युवक फरार हो गया। मंगलवार की सुबह होते ही युवक घर पर पहुंचकर गाली देते हुए बदनाम करने की धमकी देने लगा। विरोध करने पर उक्त युवक सहयोगियों के साथ घर के अंदर घुसकर छेड़छाड़ करने लगा। उससे बचने के लिए युवक की चप्पल से पिटाई कर दी। इसके बाद डायल-100 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इस संबंध में इंस्पेक्टर गजेंद्र राय ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।