रतनपुर। परसा मलिक थाना क्षेत्र के पेड़ारी चौराहे पर गुरुवार की सुबह लगभग 7 बजे गिट्टी लादकर तेज गति से आ रहे डंपर की चपेट में आए साइकिल सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। उसका बेटा और पति घायल हो गए। सूचना के बाद पहुंची यूपी-100 पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर डंपर समेत थाने ले गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुरुवार को नौतनवां थाना क्षेत्र के गांव बैरवा बनकटवा टोला मफिया के प्रहलाद प्रसाद, पत्नी सावित्री (40) तथा बेटा बृजेश (5) के साथ साइकिल से बरगदवा थाना क्षेत्र के सेमरहना अपनी ससुराल से अपने घर लौट रहे थे। परसा मलिक थाना क्षेत्र के पेड़ारी चौराहे पर नौतनवां की तरफ से गिट्टी लादकर आ रहे तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गए। साइकिल पर पीछे बैठी सावित्री डंपर के पहिए के नीचे चली गई। डंपर कुचलते हुए आगे बढ़ गया। प्रहलाद और बेटा बृजेश दूसरी तरफ गिरे, इनको हल्की चोटें आई हैं।
थानाध्यक्ष विक्रम वीरेंद्र सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।