लक्ष्मीपुर। पुरंदरपुर थाना के एकमा में बीती रात द्वारपूजा के दौरान पटाखा फोड़ने को लेकर घराती और बाराती में मारपीट हो गई। बीच-बचाव करने गए 70 वर्षीय व्यक्ति धक्का-मुक्की में घायल हो गया। हालत बिगड़ती देख घर वाले आनन-फानन सीएचसी लक्ष्मीपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बीती रात लक्ष्मीपुर एकमा में घरभरन उर्फ काठे के घर सिर्द्धाथनगर जिले से बारात आई थी। रात 11 बजे द्वारपूजा के दौरान बाराती पटाखा फोड़ रहे थे। उसी दौरान एक पटाखा बगल के भोनू की मच्छरदानी में फूट गया। वृद्ध के झुलसने की शिकायत लेकर परिवार वाले घरभरन के घर गए तो घरभरन के घर वालों ने उल्टे भोनू पर तोहमत लगानी शुरू कर दी। वाद-विवाद बढ़ता देख पीड़ित भोनू बीच-बचाव करने चला गया। उसी दौरान भीड़ में किसी ने वृद्ध भोनू को धक्का दे दिया। भोनू जमीन पर गिर गए। उन्हें गंभीर चोटें आ गईं। घर वाले भानू को लेकर सीएचसी लक्ष्मीपुर पहुंचे। अभी इलाज शुरू ही हुआ था कि चिकित्सक ने भोनू को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुरंदरपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संदर्भ में थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलते ही मुकदमा पंजीकृत कर लिया जाएगा।
पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया, मुकदमा दर्ज नहीं
सोए वृद्ध की मच्छरदानी में पटाखा फूट जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद