नौतनवां (महराजगंज)। नगर के राममनोहर लोहिया पीजी कालेज के समीप सोनौली रोड पर सोमवार की सुबह तेज गति से जा रही एक क्रेन ने साइकिल सवार एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक क्रेन छोड़कर फरार हो गया। मृतक की पहचान जगरनाथपुर निवासी शिवपूजन पासवान (55) के रूप में की गई है।
शिवपूजन सोनौली में सिलाई का काम करता था। सुबह वह घर से सोनौली जाने के लिए साइकिल पर सवार होकर निकला। जैसे ही पीजी कालेज के आगे बढ़ा। तभी पीछे से तेज गति से आ रही एक क्रेन ने साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा और क्रेन के पिछला पहिए के नीचे उसका सिर आ गया, जिसमें उसका सिर फट गया और मौत हो गई। घटना के बाद चालक क्रेन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंचे एसओ राजेश कुमार रूहेला ने राहगीरों से शव की पहचान कराकर उसके परिजनों को सूचना दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एसओ राजेश कुमार रूहेला ने बताया कि क्रेन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।