मानव तस्करी रोकथाम के लिए आम जनमानस का सहयोग जरूरी
बच्चों के संग एसएसबी जवानों ने निकली जागरूकता रैली
अमर उजाला ब्यूरो
अड्डा बाजार। 66 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कैंप हरदीडाली में मानव सेवा संस्थान की ओर से मानव तस्करी रोकथाम विषय पर गोष्ठी का आयोजन हुआ। गोष्ठी से पहले एसएसबी जवानों ने बच्चों के साथ गांव के मुख्य मार्गो से लेकर चौराहे तक जागरूकता रैली निकाली। संस्था के समन्वयक रोहन सेन और धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि मानव तस्करी की रोकथाम, सुरक्षित प्रवासन तथा बाल अधिकार एवं सुरक्षा की भावना लाना ही हमारा कर्तव्य है। भारत नेपाल खुली सीमा का लाभ लेकर नेपाल और हमारे देश की गरीब और अशिक्षित परिवारों की भोली-भाली लड़कियां जालसाजों के झांसे में आ जाती हैं। इसकी रोकथाम के लिए आम जनमानस को जागरुक करके उनसे सहयोग लेने की जरूरत है।
सहायक कमांडेंट एसएस पठानिया ने भी जवानों को मानव तस्करी रोकने तथा महिला सशक्तिकरण, जोर-जबरदस्ती के मामलों पर सख्ती से निपटने को कहा। इस दौरान उपनिरीक्षक बीके गुप्ता, उपनिरिक्षक राकेश कुमार, मुख्य आरक्षी गुरदीप सिंह, मजहीद हुसैन, रवि भुषण कुमार, साजित कुमार, आनंद पांडेय, राम कच्छप, अजय कुमार तिवारी के अलावा गांव के तमाम लोग मौजूद रहे।