पुलिस ने एडीओ पंचायत को छोड़ा
कोई साक्ष्य न मिलने पर पुलिस ने बिना कार्रवाई के छोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
फरेंदा। विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएम अमरनाथ उपाध्याय ने फरेंदा के एडीओ पंचायत गुलाब पाठक को पुलिस कस्टडी में देकर उनके बारे में हुई शिकायत के बारे में पूछताछ कराई। इस दौरान कोई साक्ष्य न मिलने पर पुलिस ने एडीओ पंचायत को शनिवार को दोपहर में छोड़ दिया। एडीओ पंचायत पर बीडीसी व बीडीओ के बीच हुई मारपीट के मामले में एक पक्ष को सह देने का आरोप लगाया गया था।
शुक्रवार को दिन में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान डीएम फरेंदा ब्लॉक मुख्यालय पर बुधवार को दिन में बीडीओ प्रद्युम्न नरायन द्विवेदी व क्षेत्र पंचायत सदस्य के बीच हुई मारपीट के मामले की जानकारी ले रहे थे। जिसमें बीडीओ की शिकायत पर एडीओ पंचायत गुलाब पाठक पर मारपीट करने वाले बीडीसी को सह देने व रामनगर के सफाईकर्मी को बिना कार्य के वेतन दिए जाने के मद्देनजर डीएम ने एडीओ पंचायत को पुलिस कस्टडी में भेज दिया था। एडीओ को फरेंदा कोतवाली ले जाकर मारपीट के मामले में देर तक पूछताछ की गई। इस संबंध में कोतवाल सतेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर एडीओ पंचायत को थाने लाया गया था। जहां उनके पूछताछ की गई। पूछताछ में कोई ठोस साक्ष्य न मिलने के कारण उन्हें छोड़ दिया गया।