फर्जी बीजा, पासपोर्ट के साथ विदेशी गिरफ्तार
भारत से नेपाल जाने की फिराक में था, सरहद पर पकड़ा गया
अमर उजाला ब्यूरो
सोनौली। आव्रजन विभाग की टीम ने सोनौली सीमा के रास्ते भारत से नेपाल जा रहे एक विदेशी नागरिक को फर्जी बीजा, पासपोर्ट के साथ गिरफ्तार कर पुलिस को सौंप दिया।
बुधवार की रात आव्रजन विभाग सोनौली की टीम सरहद पर भारत से नेपाल जाने वाले लोगों की जांच कर रही थी। इस दौरान एक विदेशी युवक सड़क की दूसरी पटरी से नेपाल भागने की फिराक में था, जिसे अधिकारियों ने रोककर पूछताछ की और बीजा व पासपोर्ट की मांग की। युवक द्वारा दिए गए पासपोर्ट की जब अधिकारियों ने जांच कीा तो उस पर लगे इंदिरा गांधी एयरपोर्ट दिल्ली की मुहर नकली मिली। जिस पर युवक को गिरफ्तार कर अधिकारियों ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की पूछताछ में युवक ने अपना नाम सिवानिया वेन निवासी बुईके युगांडा बताया। उसने बताया कि 2015 से वह भारत में रह रहा था। 2017 में उसका पासपोर्ट कहीं गिर गया। जिस पर उसने अपने मिलते जुलते नाम और शक्ल के व्यक्ति की फर्जी पासपोर्ट तैयार कर फर्जी मुहर लगाकर नेपाल के रास्ते अपने देश जाने की योजना में था। कोतवाल आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि आव्रजन अधिकारियों की तहरीर पर पकड़े गए विदेशी युवक के खिलाफ धोखाधड़ी और चौदह विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। युवक के पास एक लैपटॉप, हार्ड डिस्क और उच्च छमता का पेन ड्राइव बरामद किया गया है। जिसकी आईबी के अधिकारी जांच कर रहे हैं।