महराजगंज। पनियरा थानाक्षेत्र के ग्राम सभा रजौड़ा कला के टोला तेनुवहियां में रविवार को जलने से एक विवाहिता और उसके दो साल के बेटे की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के पिता ने उसके पति, सास और पति के मामा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। महिला का अपने पति से अक्सर झगड़ा होता रहता था।
रविवार की दोपहर ऊषा देवी (29) पत्नी बहरैची यादव बेटे अभिषेक के साथ अपने कमरे में थी। कमरा बंद था। अचानक घर से धुआं निकलता दिखा तो गांव के लोग वहां पहुंचे। ऊषा की सास भी तभी घास लेकर घर पहुंची थी। धुआं देखकर वह मदद के लिए चिल्लाने लगी। गांव के लोग दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे, लेकिन तब तक मां-बेटे की मौत हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मासूम अभिषेक के गले पर धारदार हथियार से वार का निशान था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के मायके वालों को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि महिला का पति राजमिस्त्री है और वह रविवार को काम के सिलसिले में गोरखपुर गया था।
महिला के सास ने बताया कि उसके बेटे और बहू के बीच हर रोज झगड़ा होता था। दोनों के संबंध अच्छे नहीं थे। सास के अनुसार ऊषा दूसरी शादी करना चाहती थी। रविवार की सुबह भी दोनों के बीच किसी बात पर जमकर नोकझोंक हुई थी। ऊषा का मायका कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मिठौरा में है। तीन साल पूर्व बहरैची यादव के साथ उसकी शादी हुई थी। पति से विवाद की वजह से ऊषा मार्च 2018 में बेटे को छोड़कर मायके चली गई थी। पंचायत में समझौते के बाद वह जुलाई में वापस लौटी थी। तब से पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। थानाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने बताया कि शवों को पोर्स्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ऊषा के पिता ने बहरैची यादव, उसकी मां और मामा के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।