राष्ट्रीय राजमार्ग पर छपवा से सोनौली तक लगी ट्रकों की कतार।
- फोटो : MAHARAJGANJ
राजमार्ग पर लगी ट्रकों की लंबी कतार, बिचौलिए सक्रिय
अमर उजाला ब्यूरो
नौतनवां। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नौतनवां के छपवा से सोनौली तक करीब आठ किलोमीटर दूरी तक लगी ट्रकों की कतार को देखते हुए बिचौलिए सक्रिय हो गए। ट्रकों को कतार से आगे निकालकर बॉर्डर तक पहुंचाने के लिए बिचौलिए नौतनवां के छपवा पुलिस बूथ, बनैलिया मंदिर चौराहा, कुनसेवा चौराहा, सोनौली कोतवाली गेट व सोनौली टैक्सी स्टैंड के पास मंडराने लगे हैं। कतार में पीछे लगे ट्रक चालकों से यह कहकर बिचौलिए सौदेबाजी कर रहे हैं कि उनकी ट्रकों को कतार से निकालकर बेरोकटोक आगे पहुंचवा दिया जाएगा।
छपवा में कतार में पीछे खड़े ट्रक चालक करतार सिंह, रामेश्वर, जसबीर सिंह, हरजीत व सुग्रीव का कहना था कि कई लोग उनके पास आए, जो ट्रक को सोनौली तक पहुंचवाने के बदले 4000 से 6000 रुपये तक की मांग कर रहे थे। उधर, राजमार्ग पर ट्रकों की कतार से बढ़ी भीड़ में मोबाइल छीनने वाला गिरोह भी सक्रिय हो गया है। बृहस्पतिवार की रात करीब 11 बजे बनैलिया मंदिर व छपवा चौराहा के पास बाइक सवार बदमाशों ने निककू व हरिन्दर नामक ट्रक चालकों का मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। हालांकि इस प्रयास में वे सफल नहीं हो पाए। बता दें, पिछले वर्ष भी ट्रकों को कतार से निकलवाकर आगे ले जाने के बदले वसूली का मामला सामने आने पर आठ पुलिसकर्मियों व करीब दो दर्जन दलालों पर कार्रवाई हुई थी।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नौतनवां राजू कुमार साव का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। कतार तोड़ कर जाने वाले करीब आधा दर्जन ट्रकों का चालान किया गया है। जो भी ट्रक चालक व अराजक तत्व ट्रकों की कटिंग कराते हुए पकड़े जाएंगे, उन्हें जेल भेजा जाएगा ।