महराजगंज। फरेंदा थाना क्षेत्र के ग्राम लेहड़ा खास में जमीन के विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। मैना देवी ने थानाध्यक्ष फरेंदा को तहरीर देकर आरोप लगाया कि 20 मार्च की दोपहर तीन बजे उनके खेत में खेदू जबरन कब्जा करने लगा।
मैना देवी ने विरोध किया तो खेदू नाराज हो गया और घर से अपने परिवार के सदस्यों महात्मा, पंचम तथा रजवंता को बुला लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर मैना देवी की पिटाई कर दी। मैना देवी ने बताया कि उनके पति रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं, वह अकेली रहती हैं। जमीन का दीवानी मुकदमा चल रहा है। इसी रंजिश में हमला किया गया है। थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी खेदू, महात्मा, पंचम, रजवन्ता निवासी लेहड़ा खास के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।