दूसरे कोविड अस्पताल के रूप में केएमसी चिन्हित
- 100 बेड को किया गया है अधिग्रहित, मौजूद हैं अधिकांश स्वास्थ्य सुविधाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। स्वास्थ्य प्रशासन ने जिले में कोरोना के संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने की दशा में उनके बेहतर इलाज के लिए दूसरे कोविड अस्पताल के रूप में केएमसी को चिन्हित किया है। अस्पताल के 100 बेड को अधिग्रहित किया गया है तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरा कराने के लिए दिशानिर्देश दिया गया है।
शासन ने निर्देशित किया गया है कि संक्रमित मरीजों को कोविड अस्पताल में भर्ती किया जाए तथा वहां समस्त प्रकार की चिकित्सकीय व्यवस्था को सुनिश्चित कराया जाए। बेहतर सुविधा रखने वाले निजी चिकित्सालय केएमसी को दूसरे कोविड अस्पताल के रुप में केएमसी का चयन किया गया है। इससे पहले मिठौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को कोविड अस्पताल के रूप में चिन्हित किया गया था, मगर वहां पर 30 मरीजों के भर्ती होने की ही क्षमता है। भविष्य की परेशानियों से बचने के लिए विभाग ने दूसरे अस्पताल को चिन्हित किया है। केएमसी के चेयरमैन विनय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अस्पताल में वेंटिलेटर, आक्सीजन समेत अन्य सुविधा उपलब्धएं हैं। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी व कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने बताया कि दूसरे कोविड अस्पताल के रूप में केएमसी का चयन करते हुए जिम्मेदारों को गाइड लाइन दे दी गई है, जिससे कि समय रहते पूरी तैयारी कर ली जाए। मिठौरा की क्षमता पूरा होने के बाद यहां पर भी संक्रमित मरीज भर्ती होंगे।