सिसवा बाजार। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम मुंडेरी बगही निवासी फूलपती ने धोखाधड़ी के मामले की शिकायत थाने में की। केस दर्ज नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय ने पुलिस को आरोपी पर केस दर्ज करने का आदेश दिया है।
ग्राम मुडेरी बगही निवासी फूलपती ने आरोप लगाया है कि गांव के ही तीन लोगों द्वारा पापड़ बनाने के लिए कुटीर उद्योग के नाम पर सरकार से पांच लाख रुपये ऋण दिलाने की बात कही गई और इसके लिए 40 हजार रुपये और कुछ दस्तावेज मांगा गया। फरवरी में कर्ज लेकर उन लोगों को पैसा और दस्तावेज उपलब्ध करा दिया, लेकिन कई महीने बाद लोन नहीं मिलने पर पैसे की मांग की तो आरोपियों ने रास्ते में घेरकर जान से मारने की धमकी दी। अधिवक्ता प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि इस मामले में छह नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ न्यायालय विशेष न्यायाधीश के समक्ष वाद दाखिल किया गया। जिस पर न्यायालय ने केस दर्ज करने का आदेश दिया है। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार राय ने बताया कि न्यायालय से आदेश की प्रति मिलने के बाद आरोपियों पर केस दर्ज किया जाएगा। संवाद