पीजी काॅलेज में प्रशिक्षण में मौजूद डीएम वीरंेद्र कुमार सिंह व अन्य अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। विधानसभा चुनाव की मतगणना की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। मंगलवार को मतगणना के लिए तैनात पर्यवेक्षक, सहायक एवं माइक्रोऑब्जर्वर को प्रथम प्रशिक्षण दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि निर्वाचन में मतगणना एक महत्पूर्ण कार्य है। इसके लिए तैनात सभी अधिकारी पूरी सतर्कता एवं निष्पक्षता से इसे पूरा कराए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के योग्य एवं वरिष्ठ अधिकारियों को इसके लिए तैनात किया गया है। मतगणना की पूरी कार्यवाही आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक की देखरेख में संपन्न होगी। प्रत्येक टेबल पर केंद्रीय विभाग का एक अधिकारी माइक्रोऑब्जर्वर के रूप में गणना की जानकारी प्रेक्षक को देगा। इसके अलावा प्रेक्षक भी प्रत्येक राउंड में दो कंट्रोल यूनिट की गणना कराएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिणाम पर रिटर्निंग आफिसर के साथ ही प्रेक्षक के हस्ताक्षर होंगे। प्रेक्षक के अनुमति से ही मतगणना परिणाम की घोषणा होगी। इस कार्य के लिए तैनात अधिकारी पूरी सजगता और पारदर्शिता से मतगणना पूरी कराएं।
उन्होंने कहा कि ईवीएम के कंट्रोल यूनिट से मतगणना कराई जाएगी। मशीन में यदि कोई समस्या आती है तो तत्काल आरओ को सूचित करेंगे। वे कंपनी के इंजीनियर से इसे ठीक कराएंगे। उन्होंने बताया कि मतगणना एजेंट जाली की दूसरे तरफ रहेंगे। प्रत्येक चक्र की मतगणना शीट पर उनके भी हस्ताक्षर कराए जाएंगे। एजेंट मशीन को छू नहीं सकेंगे।
एडीएम उप जिला निर्वाचन अधिकारी आरपी कश्यप ने बताया कि दस मार्च को द्वितीय प्रशिक्षण में फोटो लेकर आएं ताकि परिचय पत्र बनाया जा सके। मतगणना स्थल पर मोबाइल, सिगरेट, लाइटर, अन्य कोई इलेक्ट्रानिक सामान नहीं लाना है। मतगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दीपक पांडेय ने दिया। बैलट पेपर की मतगणना के बारे में कौशलानंद ने जानकारी दी। इस मौके पर सभी रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग आफिसर तथा सीडीओ रामनेवास और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।