134 अभ्यर्थियों ने कराई काउंसिलिंग
- जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में दूसरे दिन भी काउंसिलिंग कराने के लिए उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। 69 हजार सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया में रिक्त 144 पदों पर होने वाली काउंसिलिंग की प्रक्रिया मंगलवार को संपन्न हुई। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित काउंसिलिंग में दो दिनों में जहां 134 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराई है, वहीं 10 सीटें रिक्त रह गई हैं।
शासन ने 69 हजार शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के तहत जिले में रिक्त सीटों के लिए सोमवार व मंगलवार को काउंसिलिंग कराने का निर्णय लिया था। जिले में रिक्त पड़े 144 सीटों के लिए काउंसिलिंग कराने के लिए गठित समिति में डायट प्राचार्य रवींद्र सिंह, बीएसए ओमप्रकाश यादव, जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार तथा राजकीय बालिका इंटर कालेज की प्रधानाचार्य को शामिल किया गया। समिति के समक्ष दो दिनों में 64 पुरुष अभ्यर्थियों के सापेक्ष 58, 51 महिलाओं के सापेक्ष 49 तथा विशेष आरक्षण वाले 29 सीटों के सापेेक्ष 27 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग कराई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश यादव ने बताया कि दो दिन में 134 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग हुई है। काउंसिलिंग प्रक्रिया को बेहतर ढंग से संपन्न कराने में वरिष्ठ सहायक मनीष सिंह, राममूर्ति, संजय कुमार, कुलदीप कुमार, विजय आजाद आदि ने अहम भूमिका निभाई।