संवाद न्यूज एजेंसी
नौतनवा। नगर पालिका परिषद के आठ सभासदों ने बागी रुख अपनाकर अपने ही चेयरमैन के खिलाफ विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाकर मोर्चा खोल दिया है। सभासदों ने मंडलायुक्त को संबोधित ज्ञापन अपर आयुक्त को सौंपकर नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार की जांच और कार्रवाई की मांग की।
सभासद रंजना राय, सुनील जायसवाल, रेनू अग्रहरि, परवीन खातून, वारिस कुरैशी, गुलाम अशरफ, जैरून निशा एवं आशिक कुरैशी ने कहा कि नौतनवा नगर पालिका में सीवरेज एवं जल निकासी योजना के अंतर्गत जयप्रकाश नगर से सिद्धार्थनगर तक चार करोड़ रुपये से नाला निर्माण कार्य चल रहा है, जिसमें बिना बेड बनाए मात्र दीवार खड़ी कर स्लैब ढालकर बड़े पैमाने पर मानक और गुणवत्ता की अनदेखी भी की जा रही है।
आरोप यह भी है कि डीजल व्यय के नाम पर प्रतिमाह तीन से चार लाख रुपये की अनुचित निकासी की जा रही है। इतना ही नहीं नगर में निविदा (टेंडर) के लिए सुरक्षा जमा राशि 10 फीसदी के स्थान पर मात्र दो फीसदी लगाया जा रहा है, जिसके पक्ष में जमा सावधि रसीद (एफडीआर) की धनराशि को भी निकालकर फर्जी रसीद लगा दी जा रही है।