परिषदीय स्कूलों में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। ग्रीष्मकालीन छुट्टी के बाद 1695 परिषदीय व 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सोमवार से खुलेंगे। विद्यालय खुलने के बाद उसमें रौनक बढ़ जाएगी। स्कूलालों बेहतर सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में संचालित सभी परिषदीय विद्यालयों में 20 मई, जबकि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में एक जून से छुट्टी थी। सोमवार से विद्यालयों को खोला जाना है तो उसके लिए सभी प्रधानाध्यापकों को विभाग की ओर से आवश्यक दिशानिर्देश जारी करते हुए उनका पालन कराने को कहा गया है।
स्कूलों के खुलने के बाद शासन के निर्देश के क्रम में पांच से 31 जुलाई के बीच में विशेष निरीक्षण अभियान लाते हुए शिक्षकों व बच्चों की उपस्थिति के साथ ही स्कूलों की सुविधाओं की भी जांच की जाएगी। इसके अलावा स्कूलों में बने शौचालय व मूत्रालय को क्रियाशील रखने, घास की कटाई व परिसर में फैले कूड़े की सफाई करने, टाट पट्टी व फर्नीचर आदि की व्यवस्था को दुरुस्त रखने, पानी की टंकी की सफाई कराने, भोजनालय को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कोट
जिले के सभी परिषदीय व कस्तूरबा विद्यालयों को सोमवार से खुलना है। प्रधानाध्यापक व शिक्षक समय से विद्यालय में उपस्थित रहकर व्यवस्था का पालन कराएं।
श्रवण कुमार गुप्ता, बीएसए