महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के लिए रोजाना नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं। पहले पगडंडियों के रास्ते थोड़ा-थोड़ा माल भारत लाया जा रहा था। अब मुख्य गेट से पूरा ट्रक लाया जा रहा है। रविवार को नेपाल भंसार अधिकारियों की सतर्कता से कास्मेटिक के सामान से लदा एक ट्रक पकड़ा गया। जबकि चालक और सहचालक फरार हो गए। बीते सप्ताह भी कस्टम ने बॉर्डर पार कर चुके एक ट्रक को कोल्हुई में पकड़ा था।
भैरहवा भंसार कार्यालय के प्रमुख नारद गौतम ने बताया कि रविवार को एक ट्रक सामान लेकर नेपाल गया था। शाम में वह वापसी कर रहा था। नेपाल से निकलते समय गाड़ी की जांच करने को कहा तो चालक ने इन्कार कर दिया। पुलिस की मदद से वाहन को रोककर जांच की गई तो ट्रक से अलग-अलग कंपनी का टूथपेस्ट और पाउडर बरामद हुआ। जबकि चालक और सहचालक भाग गए।
सीमा शुल्क कार्यालय ने फरवरी माह में भारत जा रहे एक ऐसे ही ट्रक से 358 गत्ता टूथपेस्ट भी जब्त किया था। जब्त माल एक बहुराष्ट्रीय कंपनी द्वारा नेपाल के लिए उत्पादित माल है। नेपाल से अवैध प्रवेश का राज इस बात से खुला कि भारत ने इन सामानों के आयात पर रोक लगा रखी है। एक जैसे मिलते सामानों को भारत में बड़े ही आसानी से खप जाता है।
ट्रक की जांच में लग रही संदिग्ध
सीमा क्षेत्र से नेपाल के लिए उत्पादित बहुराष्ट्रीय कंपनियों के उत्पाद अवैध रूप से भारत जाने के दौरान बरामद हुए हैं। अधिकारियों की जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं है कि इसे किसके माध्यम से भेज रहा था। ट्रक के आगे ही नंबर प्लेट है पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं है, इसलिए ट्रक भी संदिग्ध लग रहा है। अन्नपूर्णा टर्मिनल्स ने जानकारी दी है कि इस नंबर की गाड़ी यहां से प्रवेश नहीं की। टर्मिनल ने जानकारी दी है कि गाड़ी शायद किसी दूसरे बॉर्डर से नेपाल आईं थी और सोनौली के रास्ते जा रही थी।