महराजगंज। विद्युत मजदूर पंचायत की जिला इकाई के पदाधिकारियों ने बृहस्पतिवार को नौ सूत्री मांगों के समर्थन में अधिशासी अभियंता कार्यालय पर धरना दिया। अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
जिला सचिव अखिलानंद उपाध्याय ने कहा कि बिजली निगम के अधिकारियों द्वारा संविदा कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। बिजली मजदूरों की कई लंबित समस्याओं के निस्तारण करने को निगम के अधिकारियों ने सहमति जताई लेकिन आज तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने नए रेट पर दो महीने का बकाया भुगतान किए जाने की मांग की। छह महीने का बकाया भुगतान जल्द दिया जाए, बीमा रसीद की छाया प्रति, सभी को परिचय पत्र, सेफ्टी उपकर व हर माह वेतन समय से दिए जाने की मांग भी की। इस दौरान नंदन, छेदी, कुलदीप, ध्रुव, इकरार, अफजल, बचन, सुग्रीव आदि मौजूद रहे।