महराजगंज। पुलिस द्वारा संचालित ऑपरेशन दहन अभियान के अंतर्गत कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में शुक्रवार को जनपद के तीन थानों से जब्त किए गए कुल 157.648 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण किया गया। इन पदार्थों की अनुमानित बाजार मूल्य 58 लाख 1 हजार 200 रुपये बताई गई है।
थाना सोनौली, बरगदवा और श्यामदेउरवा के कुल 21 अभियोगों से संबंधित चरस, गांजा और हेरोइन को नौतनवा स्थित मैसर्स एपी बायोमेडिकल वेस्ट सर्विसेज में उच्च क्षमता वाले इंसीनरेटर के माध्यम से भस्म कर दिया गया। क्षेत्राधिकारी निचलौल की उपस्थिति में गठित कमेटी की निगरानी में यह कार्यवाही संपन्न हुई। ऑपरेशन दहन के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों और माफियाओं के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए भविष्य में भी ऐसी कार्यवाहियां निरंतर जारी रहेंगी।