नगर के 13 वार्डों में सड़क व नाली निर्माण के लिए दिए गए थे कार्य
काम शुरू नहीं होने पर नगर पालिका ने ठेकेदारों से मांगा स्पष्टीकरण
समय से कार्य शुरू नहीं हुआ तो कार्रवाई की चेतावनी
महराजगंज। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत विभिन्न वार्डों में प्रस्तावित सड़क और नाली निर्माण के कार्य शुरू नहीं होने से योजना की रफ्तार अटक गई है। नगर पालिका की ओर से करीब 13 ठेकेदारों को निर्माण कार्य आवंटित किए गए थे लेकिन कई स्थानों पर काम शुरू नहीं हो सका है। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका ने संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है।
जानकारी के अनुसार, योजना के तहत नगर के वार्ड नंबर 23 मंगलपुर, वार्ड नंबर 20 वीर अब्दुल हमीद नगर, वार्ड नंबर 17 साहूजी महराजगंज नगर, वार्ड नंबर 13 सुभाष नगर, वार्ड नंबर नौ लोहिया नगर, वार्ड नंबर आठ पटेल नगर, वार्ड नंबर पांच पंत नगर, वार्ड नंबर दो बैकुंठपुर और वार्ड नंबर एक अंबेडकर नगर समेत कई वार्डों में सड़क व नाली निर्माण प्रस्तावित है। इन कार्यों के लिए करीब 13 ठेकेदारों को जिम्मेदारी दी गई थी।
प्रस्तावित कार्यों में कई जगह सीसी रोड और नाली निर्माण शामिल है। कहीं मुख्य सड़क से मोहल्लों को जोड़ने के लिए सड़क बननी है तो कहीं गलियों में बदहाल रास्तों के स्थान पर सीसी रोड का निर्माण होना है। निर्माण कार्य पूरे होने से नगर के कई मोहल्लों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद थी।
नगर पालिका के अवर अभियंता देवेंद्र कुमार ने बताया कि जिन ठेकेदारों ने अभी तक कार्य शुरू नहीं किया है, उन्हें नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। ठेकेदारों को जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। समय से कार्य शुरू नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।