साहब! डेढ़ महीने पहले हुई है शादी, पत्नी नहीं कर रही बात, छुट्टी दे दो
सिपाही ने अनोखे अंदाज में अफसरों से मांगी छुट्टी, आवेदन सोशल मीडिया पर वायरल होते ही अवकाश मंजूर
महराजगंज। नौतनवां थाने की पीआरवी में तैनात सिपाही ने पत्नी से वादा पूरा करने के लिए एएसपी को छुट्टी के लिए आवेदन दिया। आवेदन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अनोखे आवेदन पत्र में सिपाही ने लिखा है कि एक महीने पहले शादी हुई है। पत्नी से वादा किया था कि ड्यूटी से जल्द छुट्टी लेकर घर आऊंगा, लेकिन छुट्टी न मिलने से पत्नी काफी नाराज है। मोबाइल फोन के जरिए पत्नी से संपर्क साधने की कोशिश करने पर वह मोबाइल फोन को मां के हाथ में पकड़ा दे रही है।
नौतनवां थाना क्षेत्र में पीआरवी पर तैनात 2016 बैच का सिपाही मऊ जिले का रहने वाला है। एएसपी के नाम से भेजे आवेदन में सिपाही ने लिखा है कि पिछले माह ही उसकी शादी हुई है। विदाई के बाद वह पत्नी को घर छोड़ ड्यूटी पर चला गया। अब छुट्टी नहीं मिल रही। इससे पत्नी नाराज हो गई है। फोन करने के बाद भी पत्नी बात नहीं कर रही है। सिपाही ने यह भी लिखा है कि मैंने पत्नी को वादा किया है कि भतीजे के जन्मदिन पर घर जरूर आऊंगा। उसने 10 जनवरी से 7 दिन का आकस्मिक अवकाश मांगा है।
अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह ने बताया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उनकी जरूरत के मुताबिक अवकाश स्वीकृत किया जाता है। सिपाही को भी उसके प्रार्थना पत्र के आधार पर पांच दिन का आकस्मिक अवकाश स्वीकृत किया गया है।