कांग्रेसियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
महराजगंज। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमि खरीदने में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच की मांग की है।
राष्ट्रपति को संबोधित आठ सूत्री ज्ञापन में कहा गया है कि मामले की जांच कर कसूरवारों के खिलाफ कार्रवाई की जाय। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शरद कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय नागरिकों की आस्था के प्रतीक श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए लोगों ने दिल खोलकर सहयोग दिया, लेकिन चंदे की रकम का दुुरुपयोग किया गया। भूमि की खरीद के नाम पर करोड़ों रुपये का गोलमाल किया गया। उन्होंने कहा कि क्या इस भूमि के मालिकाना हक को लेकर कथित रूप से वक्फ बोर्ड में आपत्ति दर्ज कराई गई थी? यदि हां, तो विवादित भूमि होने के बाद भी ट्रस्ट द्वारा इस भूमि की खरीद को कैसे मंजूरी प्रदान कर दी गई? इसके अलावा अन्य मुद्दों का जिक्र किया। इस दौरान गोपाल शाही, विनोद सिंह, त्रिभुवन नारायण मिश्र, विधिनारायन, अजय सिंह, विराजवीर अभिमन्यु, रमेश चंद, आलोक प्रसाद, रामकांति, अकील अहम आदि मौजूद रहे।