परिसर में जलभराव से एमडीएम प्रभावित, अधिकांश बच्चे गेट से ही लौटे
महराजगंज। दो दिन से लगातार रात में हुई बारिश के बाद सोमवार को निचलौल क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय बकुलडीहा का परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया। मुख्य प्रांगण में जलभराव से विद्यार्थियों और शिक्षकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे रहे कि शिक्षकों और छात्रों को विद्यालय में प्रवेश के लिए दीवार फांदकर जाना पड़ा। जबकि कई बच्चों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए कुर्सियों का सहारा लेना पड़ा।
विद्यालय में पांच अध्यापकों के जिम्मे 200 से अधिक छात्र-छात्राओं का नामांकन है लेकिन परिसर में जलभराव के कारण सोमवार को पहुंचे अधिकांश बच्चे मुख्य गेट से ही वापस लौट गए। विद्यालय के रसोईघर तक पानी भर जाने से मध्याह्न भोजन (एमडीएम) व्यवस्था भी प्रभावित रही।
परिसर में जलभराव के चलते बच्चों का कक्षाओं तक पहुंचना और बाहर निकलना बेहद कठिन हो गया। पूरे परिसर में पानी जमा रहने से सांप निकलने, फिसलकर गिरने और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका बनी रही। ऐसे में विद्यालय प्रशासन ने कुर्सियां लगाकर अस्थायी रास्ता बनाया, जिससे छात्र-छात्राएं सावधानीपूर्वक आवागमन कर सके।
अभिभावकों और ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है। उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ उनकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।
विद्यालय के एक शिक्षक ने बताया कि इसके पहले कभी इतना पानी परिसर में नहीं देखा गया, लेकिन लगातार हुई बारिश के कारण परिसर में पानी भर गया है। विद्यालय में जल निकासी की व्यवस्था मौजूद नहीं है। ग्रामीण राजेश यादव, गिरिजेश, बेचू, पिंटु, लड्डू और कमलेश आदि ने विद्यालय परिसर से पानी निकालने के लिए विभागीय अधिकारियों, प्रधान और सचिव से अनुरोध किया है।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि शाम तक परिसर से पानी पूरी तरह निकल जाएगा। जिससे बच्चों का पठन-पाठन बाधित न हो।
वर्जन
मामले की जानकारी मिलते ही संबंधित सचिव एवं प्रशासक को दूरभाष पर अवगत करा दिया गया है। विद्यालय परिसर से शीघ्र जल निकासी कराई जाएगी।
- आनंद मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी