महराजगंज। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में 20 जुलाई को निर्धारित वृहद पौधरोपण अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यालय में बैठक हुई। डीएम ने कहा कि सभी विभागों को लक्ष्य प्राप्त हो चुका है। पौधों के उठान और गड्ढों की खुदाई का कार्य 19 जुलाई तक पूर्ण कर लें।
उन्होंने औषधि वन, वीर वन, मैत्रेयी वन, नंदन वन और मियावाकी पद्धति पर पौधरोपण संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि एसएसबी कैंप महराजगंज में वीर वन और पथलहवां में मैत्रेयी वन, गोसदन मधवलिया में नंदन वन और चिउरहां में मियावाकी पद्धति पर आधारित पौधरोपण कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री, नोडल अधिकारी और पश्चिमी चंपारण के जिलाधिकारी के साथ पश्चिमी चंपारण और बगहा के पुलिस अधीक्षक भी सम्मिलित होंगे।
जिलाधिकारी ने सड़क के किनारे एवेन्यू प्लांटेशन (वीथि वृक्षारोपण), अन्य नगर पालिकाओं में भी मियावाकी पद्धति आधारित पौधरोपण तैयारियों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने प्रमुख मार्गों पर वीथि पौधरोपण (एवेन्यू प्लांटेशन) को प्रभावी ढंग से करने का निर्देश दिया। उन्होंने शासन के निर्देशानुसार एक पेड़ मां के नाम अभियान को भी घर-घर तक पहुंचाने का निर्देश देते हुए अपील की प्रत्येक जनपदवासी न्यूनतम एक पौधा अपनी माता के नाम अवश्य लगाएं।
20 जुलाई को वृहद पौधरोपण अभियान का शुभारंभ एसएसबी कैंप महराजगंज में प्रभारी मंत्री आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन दयाशंकर मिश्र 'दयालु', नोडल अधिकारी पी. गुरुप्रसाद और जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा। इसके उपरांत गोसदन मधवलिया और पथलहवां में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। पथलहवां में जिलाधिकारी पश्चिमी चंपारण, पुलिस अधीक्षक पश्चिमी चंपारण और पुलिस अधीक्षक बगहां भी पौधरोपण अभियान में शामिल होंगे।
-
जनपद के प्रमुख मार्गों पर वीथि पौधरोपण किया जाएगा
वृहद पौधरोपण कार्यक्रम में जनपद के प्रमुख मार्गों पर वीथि पौधरोपण किया जाएगा। इसमें बाबा गोरखनाथ मंदिर चौक मार्ग और बाबा गंभीरनाथ चौक-निचलौल मार्ग पर अमलताश और गुलमोहर के पौधे लगाए जाएंगे। जबकि लोक निर्माण विभाग की ओर से कप्तानगंज–सिसवा–निचलौल मार्ग, निचलौल–चिउटहा–पुरैना मार्ग, महराजगंज–चौक मार्ग सहित 13 मार्गों पर वी पौधरोपण किया जाएगा। गोसदन मधवलिया में नंदन वन, एसएसबी कैंप महराजगंज में वीर वन और पथलहवां में मैत्रेयी वन के नाम से पौधरोपण किया जाएगा। इसी प्रकार नगर पालिका महराजगंज और सिसवा, नगर पंचायत बृजमनगंज, परतावल और आनंदनगर में मियावाकी पद्धति पर पौधरोपण किया जाएगा।