फरेंदा। बहुउद्देशीय सहकारी समिति महुअवां उर्फ महुई की जमीन पर कब्जे की शिकायत का संज्ञान लेते हुए रविवार को पुलिस ने काम रोकवा दिया। एसडीएम से समिति के अध्यक्ष ने मामले की शिकायत की थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने पुलिस को काम रोकवाने का निर्देश दिया था।
फरेंदा तहसील क्षेत्र के महुअवां उर्फ महुई का गोदाम ग्राम सभा बरगदवा के टोला हरैया थाना पुरंदरपुर में स्थित है। गोदाम के पास ही समिति के नाम से लगभग 50 डिसमिल जमीन है, गोदाम के दक्षिण की तरफ 15 फीट जमीन पर गांव के कुछ दबंग किस्म के लोग दीवार चला कर कब्जा कर रहे हैं। इस बात की जानकारी समिति के अध्यक्ष राधेश्याम को हुई तो उन्होंने तत्काल सूचना उपजिलाधिकारी फरेंदा को देकर निर्माण कार्य रोकवाने की मांग की। एसडीएम ने पुरंदरपुर पुलिस को मामले की जानकारी देकर अतिक्रमण रुकवाने का निर्देश दिया। इस पर पुरंदरपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य को रोकवा दिया। मामले की जानकारी सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंध सहकारी समिति को भी दी गई है।