बृजमनगंज में ग्रामीणों की शिकायत की जांच करने पहुंचे एसडीएम
पानी की टंकी धार्मिक व खलिहान की जमीन पर बनने की ग्रामीणों ने की थी शिकायत
फरेंदा। बृजमनगंज के स्वामी विवेकानंद नगर वार्ड में बन रही पानी की टंकी के जमीन संबंधी शिकायत की जांच करने शनिवार को एसडीएम फरेंदा शैलेंद्र कुमार गौतम पहुंचे। धार्मिक महत्व और खलिहान की जमीन पर टंकी बनाने का आरोप लगाकर शिकायत की गई थी।
उपजिलाधिकारी ने मौके पर पहुंच कर शिकायतकर्ताओं को बुलाकर मौके पर भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने लेखपाल से भूमि के संबंध में सत्यता की जांच भी कराई। जांच में पाया गया कि मामला शिकायत पत्र के अनुरूप नहीं है, विशेषकर धार्मिक भूमि के संबंध में। इसके बाद उन्होंने नगर पंचायत के खलिहान की जमीन को छोड़कर निर्धारित स्थान पर ही पानी की टंकी बनाने का निर्देश दिया। उपजिलाधिकारी ने शिकायतकर्ता को भविष्य में सरकारी कार्य में बाधा न डालने और झूठी शिकायत करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
उपजिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि वार्ड नंबर चार स्वामी विवेकानंद नगर की सभासद कंचनलता यादव और उनके प्रतिनिधि ने ग्रामीणों के साथ 15 अप्रैल को जिलाधिकारी महाराजगंज को शिकायत पत्र देकर जांच की मांग की थी। उन्होंने शिकायत की जांच कराई व खलिहान की भूमि का सीमांकन कराकर उसे छोड़कर निर्धारित स्थान पर ही पानी की टंकी बनाने का निर्देश दिए। इस अवसर पर थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह, लेखपाल अमरेश कुमार, उपनिरीक्षक निरंजन राय, राजेंद्र प्रसाद चौधरी सहित अन्य अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।