कोल्हुई। परसौना गांव में विकास कार्यों की जांच के लिए जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी निरंकार चौधरी व जिला पंचायत जेई रफीउल्लाह खान की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया। गांव के ही दिलीप मौर्या की शिकायत पर अधिकारी गांव में पहुंचे। निरीक्षण के दौरान टीम ने गांव में कराए गए विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया। टीम ने सड़क, नाली, शौचालय, आरआरसी, अन्नपूर्णा भवन, स्कूल, कूड़ादान और अन्य योजनाओं के तहत हुए कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने सभी कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि जो भी शिकायत हुई थी उन सभी कार्यों की जांच की गई। इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित कर दिया जाएगा।